प्रस्तुत पुस्तक उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों के लिए विकसित नवीनतम पाठ्यक्रम को समझ रूप में प्रस्तुत करने का एक सफल प्रयास है। वर्तमान समय में इण्टरमीडिएट में आते ही विद्यार्थी अपना लक्ष्य निर्धारित कर लेता है। विज्ञान वर्ग चुनने के बाद वह या तो चिकित्सा विज्ञान, इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी आदि उच्च तकनीकी क्षेत्र में जाना चाहता है या फिर विज्ञान के किसी विषय पर उच्चतर अध्ययन करके प्रोफेसर अथवा शोधार्थी बनना चाहता है। इसके लिए उसे तत्सम्बन्धी प्रवेश परीक्षाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं का सामना करना पड़ता है। इसके लिए आवश्यक है कि विज्ञान विषय के मूलभूत सिद्धान्तों और तथ्यों को कक्षा XI एवं XII के स्तर से ही अच्छी तरह समझ लिया जाए। प्रस्तुत पुस्तक इसी उद्देश्य को लेकर लिखी गई है।
पुस्तक में प्रयुक्त पारिभाषिक तथा वैज्ञानिक शब्दावली 'भारत सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा प्रमाणित शब्दकोश' से ली गई है, तवा तत्सम्बन्धित अंग्रेजी शब्द भी उचित स्थानों पर दिये गये हैं। विषय-वस्तु का वर्णन आधुनिक तथ्यों के आधार पर किया गया है। पुस्तक में प्रत्येक अध्याय में पर्याप्त संख्या में लघु उत्तरीय, दीर्घ उत्तरीय प्रश्न दिए गए हैं; साथ ही साथ NCERT के प्रश्नोत्तर भी दिए गए हैं। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु विषय संबंधी वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का अतिरिक्त समावेश किया गया है।